रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे के बीच सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर वीडियो और पोस्टर जारी कर स्मृति ईरानी पर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा का कथित तौर पर अपमान करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस के हमले के बाद भाजपा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस को पहले अपने आचरण पर नजर डालने की नसीहत दी है।
पारंपरिक माला को लेकर कांग्रेस का हमला
कांग्रेस की ओर से जारी वीडियो में दावा किया गया है कि स्मृति ईरानी ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक माला पहनने से इनकार किया। कांग्रेस ने इसे प्रदेश की संस्कृति और परंपरा के प्रति असम्मान बताते हुए स्मृति ईरानी पर निशाना साधा।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पारंपरिक माला स्वीकार नहीं करना स्मृति ईरानी के अहंकार को दर्शाता है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करने की नसीहत दी गई।
पोस्टर के जरिए गैस सिलेंडर पर भी तंज
कांग्रेस ने इस मुद्दे को महंगाई से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्टर भी जारी किया। पोस्टर में लिखा गया- “स्मृति जी फूल ही तो दे रहे हैं, गैस सिलेंडर का दाम थोड़ी पूछ रहे हैं।”
इस पोस्ट के जरिए कांग्रेस ने स्मृति ईरानी के साथ-साथ भाजपा को भी महंगाई के मुद्दे पर घेरने की कोशिश की है।
लक्ष्मी वर्मा का पलटवार- कांग्रेस अपने गिरेबान में झांके
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
लक्ष्मी वर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपनी नेत्री के स्वागत के लिए सड़क पर कई किलोमीटर तक गुलाब की पंखुड़ियां बिछा दी थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी जमीन से जुड़ी हुई नेता हैं और उन्हें अच्छी तरह पता है कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मान किस तरह किया जाता है।
दौरे के बीच बढ़ी सियासी बयानबाजी
स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भाजपा जहां संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक तैयारियों पर जोर दे रही है, वहीं कांग्रेस लगातार सरकार और भाजपा नेताओं को अलग-अलग मुद्दों पर घेरने की कोशिश कर रही है।




