धमतरी। जिले के बिरेझर चौकी क्षेत्र के नवागांव कचना में खाट पर सो रहे एक बुजुर्ग की आग में झुलसने से मौत हो गई। हादसे में करीब 60 प्रतिशत झुलसे नोहर यादव ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, नोहर यादव गुरुवार रात खाना खाने के बाद रोज की तरह अपनी खाट पर सो गए थे। देर रात उनकी खाट में अचानक आग लग गई। बिजली बंद होने पर परिजनों ने देखा कि बुजुर्ग आग की चपेट में आ चुके थे। परिवार के लोगों ने तत्काल आग बुझाई और उन्हें जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बुजुर्ग को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।




