रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने और पहले से दर्ज नामों का सत्यापन करने के लिए एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। अभियान के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान सूची से हटाए गए नामों का भी दोबारा सत्यापन किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, SIR के दौरान प्रदेश में करीब 24.99 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटे। इनमें लगभग 6.42 लाख मृत मतदाता और 19,13,540 अनुपस्थित या स्थानांतरित मतदाता शामिल हैं। वहीं, पुनरीक्षण के दौरान 2,35,994 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए। अब बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में मदद करेंगे।
हर सप्ताह लगेंगे विशेष शिविर
अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, शुक्रवार और शनिवार को स्कूल-कॉलेजों, आईटीआई, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थानों में पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवाओं को मतदान और पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर रहेगा। 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा भी फॉर्म-6 भरकर अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। BLO को आवेदन प्राप्त करने और क्षेत्र सत्यापन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मतदाता सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ भी साझा करेंगे।
ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की सुविधा
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए नागरिक voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन संबंधित मतदान केंद्र के BLO के पास फॉर्म-6 जमा करके किया जा सकता है। पंजीकरण संबंधी सहायता के लिए ECINET ऐप पर ‘Book a Call with BLO’ सुविधा और हेल्पलाइन नंबर 1950 भी उपलब्ध है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाने और मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने की अपील की।




