रायपुर। दिल्ली में हुई AICC बैठक के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैठक में SIR को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और कांग्रेस चुनाव आयोग के खिलाफ अपना अभियान तेज करेगी।
दीपक बैज ने बताया कि 10 से 20 अक्टूबर तक अभियान के दूसरे चरण में मार्च और बाइक रैली निकाली जाएगी। साथ ही SDM कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। 25 अक्टूबर से गांवों में ‘वोट चोरी’ के खिलाफ चौपाल लगाई जाएगी, जबकि नवंबर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बालोद एसिड अटैक पर सरकार को घेरा
बालोद में हुए एसिड अटैक को लेकर बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने गृहमंत्री पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर गृह विभाग नहीं संभल रहा है तो उन्हें इसकी जिम्मेदारी छोड़ देनी चाहिए।
सुखदेव भगत के बस्तर दौरे पर भी बोले बैज
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के छत्तीसगढ़ दौरे की जानकारी देते हुए बैज ने बताया कि वे रायपुर पहुंचेंगे और अगले दिन सुबह बस्तर के लिए रवाना होंगे। कांकेर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली, दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी के दर्शन और जगदलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक प्रस्तावित है। उनका दौरा तीन दिनों का रहेगा।
अजय चंद्राकर के बयान पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि झारखंड में गठबंधन की सरकार चल रही है। उन्होंने भाजपा से छत्तीसगढ़ की स्थिति पर जवाब देने की मांग की और प्रदेश में भ्रष्टाचार तथा कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर आरोप लगाए।
कोल घोटाले की जांच पर बोले- एजेंसियां कर रहीं कार्रवाई
कोल घोटाले में अनुपूरक चार्जशीट को लेकर बैज ने कहा कि कोल, शराब और महादेव सट्टा मामलों में फिलहाल जांच एजेंसियों की कार्रवाई चल रही है। उन्होंने कहा कि इन मामलों में अन्य जांच एजेंसियां भी जांच कर सकती हैं।
निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग पर बैज ने कहा कि चुनाव पारदर्शी तरीके से होने चाहिए। उन्होंने प्रदेश के 15 निकायों में बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग दोहराई।
भाजपा पर भी साधा निशाना
कांग्रेस में आपसी विवाद के आरोपों को खारिज करते हुए बैज ने कहा कि पार्टी में कोई ‘सिर फुटव्वल’ नहीं है, बल्कि भाजपा के संगठन में अंदरूनी विवाद चल रहा है। उन्होंने भाजपा को ‘पर्ची वाली पार्टी’ बताते हुए चुनावी चंदे और संगठन से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल उठाए।
वहीं मंत्री केदार कश्यप से जुड़े जमीन विवाद पर तंज कसते हुए बैज ने कहा कि केदार कश्यप को पहले 20 लाख की जमीन को 20 करोड़ में बेचने का फॉर्मूला बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामला कई दिनों से चल रहा है, लेकिन मंत्री की ओर से अब तक स्पष्ट जवाब नहीं आया है।




