रायपुर। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के छत्तीसगढ़ दौरे और जगदलपुर में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। वरिष्ठ भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने आरोप लगाया कि बस्तर में बाढ़ के दौरान सुखदेव भगत प्रभावितों के बीच नहीं पहुंचे, लेकिन अब हालात सामान्य होने के बाद राजनीति करने आ रहे हैं।
अजय चंद्राकर ने कहा कि बाढ़ के समय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तत्काल बस्तर पहुंचकर प्रभावित लोगों से मुलाकात की थी। सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी व्यवस्थाएं भी पूरी कीं। अब जब हालात सामान्य हो चुके हैं, तब कांग्रेस का प्रदर्शन पूरी तरह राजनीतिक है। उन्होंने सुखदेव भगत को झारखंड की राजनीति पर ध्यान देने की नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें पहले यह समझना चाहिए कि वहां सरकार क्यों नहीं बन पाई।
वहीं, कोल घोटाले में ACB-EOW द्वारा कांग्रेस नेताओं समेत 12 लोगों के खिलाफ चालान पेश किए जाने पर चंद्राकर ने कहा कि जांच एजेंसी ने अपनी जांच पूरी की है और अब मामला न्यायालय के अधीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, वे कांग्रेस के बड़े नेता हैं और उनकी गतिविधियों से जुड़े तथ्य जांच एजेंसी के पास हैं।
कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव द्वारा जांच के दौरान चिंतामणि महाराज का नाम हटाए जाने के आरोप पर भी अजय चंद्राकर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी को पता है कि किसका नाम शामिल है और किसका नहीं। यदि देवेंद्र यादव को लगता है कि किसी का नाम हटाया गया है, तो उन्हें इस संबंध में न्यायालय में अपनी बात रखनी चाहिए।




