जांजगीर-चांपा। जिले के नैला थाना क्षेत्र में करीब एक साल पहले हुई संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, 55 वर्षीय रामायण सूर्यवंशी की शराब में कथित तौर पर कीटनाशक मिलाकर हत्या की गई थी। मर्ग जांच, गवाहों के बयान और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेंद्र साहू उर्फ मोनू, निवासी हाथीटिकरा के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई थी मौत
पुलिस के अनुसार घटना 22 मई 2025 की है। उस दिन रामायण सूर्यवंशी की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास मिले थे। इन वस्तुओं को जांच के लिए एफएसएल भेजा गया।
FSL रिपोर्ट में कीटनाशक की पुष्टि
जांच के दौरान सामने आई एफएसएल रिपोर्ट में शराब के नमूने में कीटनाशक जैसे जहरीले पदार्थ की पुष्टि होने की बात पुलिस ने कही। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या के एंगल से जांचना शुरू किया।
पुलिस ने घटना के दिन रामायण के संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई और उनके बयान दर्ज किए। इसी दौरान जांच की दिशा सुरेंद्र साहू उर्फ मोनू की ओर गई।
शराब पिलाने के बहाने ईंट भट्ठे के पास ले गया था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 22 मई की शाम आरोपी सुरेंद्र साहू रामायण सूर्यवंशी को शराब पिलाने के बहाने ईंट भट्ठे के पास लेकर गया था।
आरोप है कि इसी दौरान सुरेंद्र ने रामायण की शराब में चुपके से कीटनाशक मिला दिया। शराब पीने के बाद रामायण की तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पूछताछ के बाद तीन पहिया स्कूटर जब्त
पुलिस ने मर्ग जांच, गवाहों के कथनों और एफएसएल रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस के अनुसार आरोपी को उसके निवास से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी के मेमोरेंडम कथन और गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर घटना में इस्तेमाल किए गए तीन पहिया स्कूटर को भी जब्त किया गया है।
आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र साहू उर्फ मोनू, पिता लखन लाल, निवासी वार्ड क्रमांक 6, बजरंग चौक, हाथीटिकरा को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि करीब एक साल चली जांच में एफएसएल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों को महत्वपूर्ण आधार बनाया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।




