रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के पहले दौरे के दौरान संगठन में बदलाव के संकेत मिले हैं। राजीव भवन में सोमवार को हुई प्रदेश कार्यकारिणी और कनेक्ट सेंटर की बैठकों के बाद भगत ने कहा कि पार्टी संगठन में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो पदाधिकारी या नेता अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रहे हैं, उनकी समीक्षा कर उन्हें रिप्लेस किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- पिता के जीवित रहते पुत्र को नहीं करने चाहिए ये 5 काम, गरुड़ पुराण की मान्यताएं
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। भगत ने संगठन के कामकाज और उपलब्ध आंकड़ों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अलग-अलग स्तर पर संगठन की समीक्षा की जा रही है। इसके आधार पर आगे जरूरी बदलाव किए जाएंगे। सभी नेताओं और पदाधिकारियों को एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
दो दिन के दौरे में लगातार बैठकें
प्रदेश प्रभारी बनने के बाद सुखदेव भगत का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। रविवार को रायपुर पहुंचने के बाद उन्होंने राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और इसके बाद पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में शामिल हुए। रात में कांग्रेस विधायक दल के साथ बैठक हुई।
सोमवार को भी उन्होंने सुबह से संगठन के अलग-अलग स्तर के नेताओं के साथ मैराथन बैठकें कीं। प्रदेश कार्यकारिणी और कनेक्ट सेंटर के बाद मोर्चा-प्रकोष्ठों तथा अनुशासन समिति से जुड़े पदाधिकारियों के साथ भी बैठक का कार्यक्रम रखा गया है।
इससे पहले सितंबर में कांग्रेस की अनुशासन समिति ने भी पार्टी से निष्कासित और अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना कर रहे नेताओं की वापसी से जुड़े 36 आवेदनों पर चर्चा की थी। ऐसे में नए प्रदेश प्रभारी की ओर से संगठन में अनुशासन और जिम्मेदारी पर दिए गए बयान को आने वाले समय में संगठनात्मक समीक्षा के संदर्भ में देखा जा रहा है




