भाटापारा। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगापुर में एक अधेड़ व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजा राम उर्फ चोटी साहू (52) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपी ने भारी पत्थर से चेहरे पर वार कर उसकी हत्या की है।
इंद्रा कॉलोनी में मिला शव
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह सूचना मिली कि सिंगापुर गांव में कोदवा जाने वाले मार्ग पर स्थित इंद्रा कॉलोनी में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही एसडीओपी भाटापारा के नेतृत्व में भाटापारा ग्रामीण थाना, पुलिस सहायता केंद्र निपनिया, एफएसएल और साइबर सेल बलौदाबाजार की टीमें मौके पर पहुंचीं।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में वारदात 19 और 20 सितंबर की दरमियानी रात होने की आशंका जताई गई है।
भारी पत्थर से हमला करने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी ने किसी भारी और वजनी पत्थर से मृतक के चेहरे पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह क्या थी और वारदात को किसने अंजाम दिया, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
एफएसएल और साइबर सेल जुटा रहे साक्ष्य
मामले की जांच के लिए पुलिस घटनास्थल के साथ आसपास के इलाकों में भी छानबीन कर रही है। संदिग्धों और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं एफएसएल और साइबर सेल की मदद से तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




