रायपुर। राजधानी में आवारा मवेशियों की समस्या अब सार्वजनिक सुविधाओं तक पहुंचती नजर आ रही है। जुट मिल इलाके में थाने के पास स्थित SBI के ATM कक्ष में सांड के घुसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ATM के भीतर सांड को देखकर ग्राहक वहां जाने से बचते नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़े :- स्कूल में प्रार्थना के दौरान 12वीं की छात्रा की बिगड़ी तबीयत, नींद की गोलियां खाने की बात से मचा हड़कंप
वीडियो सामने आने के बाद ATM की सुरक्षा व्यवस्था और बैंक प्रबंधन की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ATM में सांड के मौजूद रहने से ग्राहकों को परेशानी के साथ-साथ सुरक्षा का खतरा भी बना हुआ है।
पहले तैनात रहते थे सुरक्षा गार्ड
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले कई ATM के बाहर सुरक्षा गार्ड तैनात रहते थे। इससे ग्राहकों को सुरक्षा का भरोसा रहता था। हालांकि, अब कई ATM में सुरक्षा गार्ड नजर नहीं आते। लोगों के मुताबिक, शाम के समय आवारा मवेशी ATM परिसर में प्रवेश कर जाते हैं।
सांड को देखकर ATM से लौटे ग्राहक
जुट मिल क्षेत्र के ATM में सांड के घुसने का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है। ATM के अंदर सांड को देखकर ग्राहक वहां प्रवेश करने से कतरा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बैंक प्रबंधन से ATM की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और आवारा मवेशियों की एंट्री रोकने के इंतजाम करने की मांग की है।
वीडियो कब का, इसकी पुष्टि नहीं
फिलहाल वायरल वीडियो कब का है और सांड ATM के अंदर कितनी देर तक मौजूद रहा, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, वीडियो के सामने आने के बाद ATM की सुरक्षा और शहर में आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।




