बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के बास्टा क्षेत्र में सर्राफा दुकान से करीब 8 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। बुर्का पहनकर ग्राहक बनकर पहुंची दो महिलाओं ने दुकानदार के बेटे को जेवर दिखाने में उलझाया और मौका मिलते ही एक महिला ने सोने के आभूषण मुंह में छिपा लिए। इसके बाद दोनों महिलाएं खरीदारी का नाटक करते हुए बिना कुछ खरीदे दुकान से निकल गईं। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
यह भी पढ़े :- CM Sai News: गोलबाजार गणेश पंडाल पहुंचे मुख्यमंत्री साय, भगवान गणेश को पहनाया 1.15 करोड़ का स्वर्ण मुकुट
मामला बास्टा थाना क्षेत्र के रसूलपुर नंगला गांव का है। गांव के मुख्य बाजार में दिनेश वर्मा की दिनेश ज्वैलर्स नाम से सर्राफा दुकान है। घटना के समय दिनेश वर्मा किसी काम से दुकान से बाहर गए थे। इसी दौरान बुर्का पहने दो महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचीं और सोने-चांदी के आभूषण दिखाने को कहा।
जेवर मुंह में छिपाकर कपड़ों में रखे
दुकानदार के बेटे ने महिलाओं को बिछुए, सोने की लौंग और अन्य आभूषण दिखाने शुरू किए। इसी दौरान एक महिला ने दुकानदार का ध्यान भटकने पर सोने के जेवर उठा लिए और उन्हें अपने मुंह में छिपा लिया। बाद में उसने जेवर मुंह से निकालकर कपड़ों में रख लिए। दोनों महिलाएं कुछ देर तक आभूषण देखने और खरीदारी करने का नाटक करती रहीं और फिर बिना कुछ खरीदे वहां से चली गईं।
दुकानदार के लौटने के बाद जब आभूषणों का मिलान किया गया तो कुछ जेवर कम मिले। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें दोनों महिलाओं की करतूत सामने आ गई। दुकानदार के मुताबिक चोरी हुए सोने के जेवर का वजन 50 ग्राम से अधिक है और उनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। क्षेत्राधिकारी चांदपुर देश दीपक सिंह ने बताया कि पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों महिलाओं की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
दिनदहाड़े सर्राफा दुकान में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों और सर्राफा कारोबारियों में चिंता का माहौल है।




