रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर से नागपुर जा रही एसयूवी की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एसयूवी सवार तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों का सकोली उपजिला अस्पताल में उपचार जारी है।
यह भी पढ़े :- राजनांदगांव में स्वाइन फ्लू की दस्तक, तीन मरीज भर्ती; एक वेंटिलेटर पर
सुबह करीब 4 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, एसयूवी में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 4 बजे लाखनी तहसील के मानेगांव और पिंपलगांव के बीच नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर उनकी गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ट्रक में फंस गई।
दो जेसीबी की मदद से निकाली गई गाड़ी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ट्रक में फंसी एसयूवी को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद लेनी पड़ी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
तीन घायलों का इलाज जारी
इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल तीन लोगों को उपचार के लिए सकोली उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




