रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु गुरु बालदास के बड़े पुत्र और प्रदेश सरकार में मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई ढाल दास कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने रायपुर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
यह भी पढ़े :- रायपुर से नागपुर जा रही एसयूवी की ट्रक से भिड़ंत, 3 बच्चों समेत 8 की मौत
कार्यक्रम के दौरान ढाल दास को कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में शामिल कराया गया। उनके कांग्रेस में प्रवेश के बाद प्रदेश की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सतनामी समाज में परिवार की मजबूत पकड़
ढाल दास का परिवार छत्तीसगढ़ की राजनीति के साथ-साथ सतनामी समाज में भी प्रभाव रखता है। उनके पिता गुरु बालदास समाज के प्रमुख धार्मिक गुरुओं में माने जाते हैं। वहीं उनके छोटे भाई खुशवंत साहब वर्तमान में भाजपा सरकार में मंत्री हैं।
ऐसे में परिवार के एक वरिष्ठ सदस्य का कांग्रेस में शामिल होना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर सतनामी समाज के बीच परिवार की सामाजिक पहुंच को देखते हुए ढाल दास के कांग्रेस प्रवेश को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
कांग्रेस को कितना मिलेगा फायदा?
ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को सतनामी समाज के बीच राजनीतिक आधार मजबूत करने में कितनी मदद मिलेगी, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। वहीं उनके कांग्रेस में जाने के बाद भाजपा सरकार में मंत्री उनके भाई खुशवंत साहब की राजनीतिक स्थिति को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
फिलहाल ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में इस घटनाक्रम के संभावित प्रभाव को लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।




