रायपुर। धरसीवां थाना क्षेत्र में एक करोड़ रुपये की जमीन की रकम में हिस्सेदारी को लेकर हुए विवाद में दामाद ने अपने ससुर की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी ने शराब के नशे में विवाद के बाद जीआई तार से ससुर मोहन निषाद का गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी ने अपने चाचा और दोस्त की मदद ली।
यह भी पढ़े : मानसूनी सिस्टम कमजोर, थमी बारिश की रफ्तार; उमस से बेहाल रहे लोग
तीनों शव को चादर में लपेटकर टाटा मैजिक वाहन से खारुन नदी में फेंकने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस की गश्ती टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दामाद हेमराज निषाद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जमीन बेचने की रकम को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार पठारीडीह निवासी मोहन निषाद ने हाल ही में करीब एक करोड़ रुपये में अपनी जमीन बेची थी। जमीन की बिक्री से मिली रकम में हिस्सेदारी और रुपये की मांग को लेकर उसका बड़े दामाद हेमराज निषाद से विवाद चल रहा था। करीब एक महीने पहले भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
तीन सितंबर की रात मोहन निषाद ने हेमराज को शराब पार्टी के लिए बुलाया था। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान जमीन बेचने से मिली रकम को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया। कहासुनी बढ़ने पर हेमराज ने गुस्से में जीआई तार से मोहन का गला घोंट दिया। दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चाचा और दोस्त की मदद से शव ठिकाने लगाने की कोशिश
हत्या के बाद हेमराज ने साक्ष्य मिटाने के लिए अपने चाचा रोहित निषाद और दोस्त संजय निषाद को बुलाया। तीनों ने शव को चादर में लपेटकर भाड़े की टाटा मैजिक में रखा। इसके बाद शव को खारुन नदी में फेंकने के लिए रवाना हो गए।
चार सितंबर की रात करीब 1.15 बजे धरसीवां पुलिस की गश्ती टीम परसतराई इलाके में नहर पुलिया के पास तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने सामने से आ रही टाटा मैजिक को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन पीछे किया और तेज रफ्तार से परसतराई बस्ती की ओर भागने लगा। पुलिस को संदेह होने पर टीम ने पीछा किया। दबाव बढ़ने पर मुख्य आरोपी हेमराज निषाद ने बाद में आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने मामले में हेमराज निषाद, रोहित निषाद और संजय निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ कर हत्या और शव को ठिकाने लगाने की पूरी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।




