धमतरी। जिले के सुपेला गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है। महिला ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसके पति ने ही नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या की थी। वारदात के बाद आरोपी पति ने परिवार के साथ मिलकर हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच में पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
मामला भखारा थाना क्षेत्र के सुपेला गांव का है। 5 सितंबर यानी जन्माष्टमी के दिन पुलिस को वीणा उर्फ बबली ठाकुर की आत्महत्या की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मौके पर महिला के गले पर पतली वस्तु या बारीक कपड़े से गला घोंटने जैसे निशान मिले। वहीं मृतिका के पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू ने पुलिस को बताया था कि खेत से लौटने के बाद वीणा कमरे में गई थी। शाम करीब साढ़े 5 बजे जब वह कमरे में पहुंचा तो पत्नी संदिग्ध हालत में मिली। परिजनों ने पहले इसे दिल का दौरा समझकर डॉक्टर को बुलाया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, मायके पक्ष ने महिला की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की प्रकृति मानववध यानी होमीसाइडल पाए जाने के बाद पुलिस ने आत्महत्या के बजाय हत्या के एंगल से जांच शुरू की।
पुलिस ने मृतिका के पति विवेक ध्रुव को थाने बुलाकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अपनी पत्नी पर मोबाइल के जरिए किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोपी ने बताया कि 4 सितंबर की शाम करीब 5 बजे आक्रोश में आकर उसने नायलॉन की रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया।
हत्या के बाद आरोपी घबरा गया और कानून से बचने के लिए शव को फांसी पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
आरोपी पति के जुर्म कबूल करने के बाद पुलिस ने विवेक ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया। संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की जांच में 48 घंटे के भीतर नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के पीछे छिपी हत्या की पूरी कहानी सामने आ गई।




