बेमेतरा। साजा थाना क्षेत्र के मोहतरा गांव में शराब दुकान के सामने गाली-गलौज का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद के बाद दो युवकों ने पहले उसे जान से मारने की धमकी दी और फिर चाकू से हमला कर दिया। घटना में युवक के हाथ में चोट आई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है।
यह भी पढ़े :- उज्जैन में बाबा महाकाल की शाही सवारी, सात स्वरूपों में दिए दर्शन
पुलिस के मुताबिक, मोहतरा निवासी सुनीत साहू (41) अपने दोस्त के साथ शराब खरीदने साजा आया था। शराब दुकान के गेट के पास उसने एक युवक को किसी व्यक्ति के पैकेट पर मारते देखा। सुनीत ने उसे ऐसा करने से मना किया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि युवक ने सुनीत के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने पर उसने कमर से चाकू निकालकर सुनीत की दाहिनी कोहनी के पास वार कर दिया।
साथी ने भी किया चाकू से हमला
इसी दौरान आरोपी के साथी मनीष उर्फ भीम साहू ने भी सुनीत से गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया। सुनीत ने वार से बचने की कोशिश की, लेकिन चाकू उसकी दाहिने हाथ की बीच वाली उंगली में लग गया।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। भीड़ बढ़ती देख दोनों आरोपी शराब दुकान के पीछे की दीवार कूदकर मौके से फरार हो गए।
हथियार बरामद, आरोपी कोर्ट में पेश
सुनीत की शिकायत पर साजा पुलिस ने धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) BNS और धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनीष उर्फ भीम साहू (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार समेत अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी मनीष उर्फ भीम साहू, पिता पुरन साहू, निवासी भरतपुर वार्ड नंबर 3, साजा को न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया। वहीं, मामले में शामिल बताए जा रहे नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।




