रायपुर। महापौर के खिलाफ अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी वाला वीडियो बनाने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विजय उर्फ सोनू महेश्वरी (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
यह भी पढ़े :- गांव में बायो गैस प्लांट का विरोध, ग्रामीणों ने तहसीलदार से की जमीन आवंटन रद्द करने की मांग
पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को अनिल सोनकर ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने रायपुर महापौर के खिलाफ अश्लील गाली-गलौज करते हुए वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 475/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता और गवाहों से पूछताछ के साथ वीडियो से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की।
जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की पहचान विजय उर्फ सोनू महेश्वरी के रूप में की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील, आपत्तिजनक या समाज में अशांति फैलाने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




