मनेंद्रगढ़। जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करीब 30 यात्रियों से भरी यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि एक बच्ची समेत 6 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, यात्री बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेमरमथानी मोड़ के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल यात्रियों का अस्पताल में उपचार जारी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी की जा रही है। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




