राजनांदगांव। ग्राम पंचायत मड़ीपार क्षेत्र के ग्राम कुराडबरी में प्रस्तावित बायो गैस प्लांट को लेकर ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराया है। ग्रामीणों ने तहसीलदार/नायब तहसीलदार के समक्ष लिखित आपत्ति प्रस्तुत कर शासकीय जमीन के आवंटन की प्रक्रिया निरस्त करने की मांग की है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर खास रौनक
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम कुराडबरी स्थित शासकीय भूमि, खसरा नंबर 672 से 689 और खसरा नंबर 161 की जमीन का एक हिस्सा बायो गैस कंपनी को आवंटित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। इसी मामले में ग्रामीणों ने न्यायालय में आपत्ति दर्ज कराई है, जिसकी सुनवाई 3 सितंबर 2026 को निर्धारित है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित प्लांट गांव और आसपास की बस्तियों के नजदीक होने से दुर्गंध, वायु प्रदूषण और पर्यावरण से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं। उनका आरोप है कि प्लांट में बाहर से गीला और बदबूदार कचरा लाकर उसका उपयोग किया जाएगा, जिससे आसपास के गांवों के स्वास्थ्य और कृषि पर असर पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर बायो गैस प्लांट के लिए भूमि मांगने या अनुमति से संबंधित कोई प्रस्ताव या सहमति नहीं ली गई है। इसी आधार पर उन्होंने आवंटन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की आबादी, पर्यावरण, स्वास्थ्य और कृषि प्रधान क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए बायो गैस कंपनी के लिए प्रस्तावित शासकीय भूमि का आवंटन निरस्त किया जाए।




