जगदलपुर। बस्तर के जगदलपुर स्थित नए बस स्टैंड में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ओडिशा पुलिस ने सिविल ड्रेस में पहुंचकर एक हिस्ट्रीशीटर को घेर लिया। शराब दुकान के पास अचानक हुई इस कार्रवाई में पुलिसकर्मियों ने आरोपी को चारों तरफ से घेरा और पिस्टल की नोक पर काबू कर लिया। आरोपी की पहचान टुन्ना महाजन के रूप में हुई है, जो ओडिशा में दर्ज कई आपराधिक मामलों के बाद फरार चल रहा था।
यह भी पढ़े :- सुनसान कमरे में मिला 24 वर्षीय युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा पुलिस को आरोपी के जगदलपुर में छिपे होने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस की टीम सादे कपड़ों में जगदलपुर पहुंची और नए बस स्टैंड इलाके में उसकी तलाश शुरू की। टीम को आरोपी शराब दुकान के आसपास नजर आया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर पकड़ लिया।
पिस्टल तानकर किया काबू
अचानक हुई कार्रवाई से बस स्टैंड में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को भागने का मौका नहीं दिया और चारों तरफ से घेरकर उसे अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी आरोपी के सिर की तरफ पिस्टल ताने नजर आया।
कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़कर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पुलिसकर्मी की आवाज भी सुनाई देती है, जिसमें वह आरोपी को गोली मारने की चेतावनी देता नजर आ रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी कुछ देर के लिए सहम गए।
ओडिशा में दर्ज हैं कई मामले
ओडिशा पुलिस के अनुसार, टुन्ना महाजन के खिलाफ चोरी और डकैती समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का आरोप है कि उसने बोरिगुमा पुलिस पर पांच राउंड फायरिंग भी की थी। इस मामले में ओडिशा पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस को उसके बस्तर में होने की जानकारी मिलने के बाद टीम ने जगदलपुर पहुंचकर कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ओडिशा पुलिस अपने साथ ले गई।
बस्तर की चोरी की घटनाओं से भी जुड़ रहे तार
पुलिस जांच में टुन्ना महाजन के तार बस्तर क्षेत्र में हुई कुछ चोरी की घटनाओं से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आने की बात कही जा रही है। इनमें गिरोला मंदिर समेत अन्य मंदिरों में हुई चोरी की वारदातें शामिल हैं।
अब पुलिस इन घटनाओं में आरोपी की कथित भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी बस्तर कब पहुंचा और यहां किन लोगों के संपर्क में था।
पिस्टल और सोना बरामद होने का दावा
ओडिशा पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके कब्जे से एक कंट्री मेड पिस्टल और चोरी का सोना बरामद किया गया है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर उसके स्रोत और चोरी की घटनाओं से कनेक्शन की जांच की जा रही है।
फिलहाल टुन्ना महाजन को ओडिशा पुलिस अपने साथ ले गई है। उसके खिलाफ ओडिशा में दर्ज मामलों की जांच के साथ-साथ बस्तर में हुई चोरी की वारदातों में उसकी संभावित संलिप्तता को लेकर भी पूछताछ की जाएगी।




