कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र में महिला की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी बहू समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल की दीवार पर मिले सुसाइड नोट, आत्महत्या से पहले बहनों को भेजे गए वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर महिला को कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़े :- शिक्षक नहीं तो पढ़ाई कैसे? स्कूली बच्चों ने हाईवे किया जाम, प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला रास्ता
घर में फांसी लगाकर दी जान
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को लक्ष्मी बाई मानिकपुरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मर्ग क्रमांक 66/2026 कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल की जांच के दौरान दीवार पर मृतिका द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट मिला। इसमें उसने अपनी बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोगों पर परेशान करने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने जांच के दौरान दीवार पर लिखे गए नोट की पुष्टि मृतिका की लिखावट के रूप में की।
बहनों को भेजा था वीडियो
जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि आत्महत्या से पहले लक्ष्मी बाई ने अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा था। पुलिस ने वीडियो को विधिवत जब्त कर उसका पंचनामा तैयार किया। इसके अलावा मृतिका की बहनों, परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए गए।
घर से निकालने को लेकर विवाद का आरोप
पुलिस के मुताबिक, मृतिका के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। बाद में उसने दूसरी शादी की थी और वर्तमान पति व उसके पूर्व के बच्चों के साथ रह रही थी। पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर घर में आए दिन विवाद होने की बात जांच में सामने आई है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतिका की बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोग कथित तौर पर घर आकर उसे बाहर निकालने के लिए दबाव बनाते थे। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। परिजनों के अनुसार, इससे पहले भी वह विवादों से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी।
आत्महत्या के लिए उकसाने का केस
सुसाइड नोट, वीडियो, परिजनों के बयानों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध पाए जाने पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 724/2026 दर्ज किया। मामले में धारा 108 और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
बहू समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पूर्णिमा महंत (24), पति संजय दास, निवासी लक्ष्मण तालाब, कोरबा, सुमेरन बाई (45), पति मिलनदास महंत, निवासी सोहागपुर, थाना उरगा, जिला कोरबा और मिलन दास (55), पिता सोनदास, निवासी सोहागपुर, थाना उरगा, जिला कोरबा शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




