दुर्ग। महिला एवं बाल विकास विभाग में सहायक ग्रेड-3 के पद पर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 3 लाख 90 हजार रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। प्रार्थिया की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी अजाजुर रहिम कुरैशी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- कूलर में उतरा करंट, पानी का गिलास उठाने गए 16 वर्षीय किशोर की मौत
पुलिस के मुताबिक, गया नगर वार्ड क्रमांक-4 निवासी महिला नगर निगम दुर्ग में एक निजी कंपनी के माध्यम से पिछले करीब 8-9 वर्षों से कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर काम कर रही हैं। इसी दौरान नगर निगम में कंप्यूटर रिपेयरिंग का काम करने आने वाले आरोपी अजाजुर रहिम कुरैशी से उनकी पहचान हुई।
4 लाख रुपए में नौकरी लगाने का दिया झांसा
आरोपी ने महिला को बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उसके परिचित हैं और वह सहायक ग्रेड-3 के पद पर उसकी सरकारी नौकरी लगवा सकता है। इसके बदले उसने 4 लाख रुपए की मांग की। सरकारी नौकरी की उम्मीद में महिला आरोपी के झांसे में आ गई और अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन रकम देना शुरू कर दिया।
शिकायत के अनुसार, महिला ने 2 जून 2025 से 10 अगस्त 2025 के बीच अपने बैंक खाते से फोन-पे के जरिए आरोपी को कुल 3 लाख 90 हजार रुपए का भुगतान किया।
रकम लेने के बाद करने लगा टालमटोल
रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो महिला की नौकरी लगवाई और न ही किसी संबंधित अधिकारी से उसकी मुलाकात कराई। जब महिला ने नौकरी के संबंध में लगातार जानकारी मांगी तो आरोपी फोन और वाट्सऐप मैसेज के जरिए अलग-अलग बहाने बनाकर उसे टालता रहा।
महिला के मुताबिक, आरोपी ने दी गई रकम में से 35 हजार रुपए वापस किए, लेकिन बाकी रकम लौटाने के बजाय लगातार उसे घुमाता रहा। आरोपी ने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि नौकरी लगवाने के नाम पर रकम किस अधिकारी या व्यक्ति को दी गई।
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
नौकरी नहीं लगने और लगातार टालमटोल से परेशान होकर महिला को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक के नाम लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर पद्मनाभपुर थाना में अपराध क्रमांक 0488/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज किया है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ ही रकम के लेन-देन और नौकरी लगाने के नाम पर किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।




