रायपुर। हरेली तिहार के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रधानमंत्री को लेकर की गई टिप्पणी पर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बघेल के बयान को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां अंतिम दौर में, 17 टोलियां करेंगी परेड
अरुण साव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए झारखंड में छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। साव ने कहा कि कांग्रेस को इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। साव ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में राजनीति के बजाय कांग्रेस को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
ED कार्रवाई पर भी कांग्रेस को घेरा
कांग्रेस नेताओं द्वारा पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में किए जा रहे प्रदर्शन पर भी उपमुख्यमंत्री ने निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि ED की जांच में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक के कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जिस तरह इस कार्रवाई का विरोध कर रही है, उससे लगता है कि पार्टी घोटाले के आरोपी के साथ खड़ी है।
स्काईवॉक को लेकर कांग्रेस पर हमला
रायपुर के अधूरे स्काईवॉक को पूरा करने की तैयारी को लेकर अरुण साव ने कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में यह परियोजना लंबे समय तक अटकी रही। साव ने कहा कि सरकार अब पुराने और बंद पड़े काम को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
आदिवासी मामलों की समीक्षा का दावा
नक्सलवाद के बाद निर्दोष आदिवासियों की रिहाई की कांग्रेस की मांग पर साव ने कहा कि सरकार संबंधित मामलों की समीक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा और जांच के बाद आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
सड़कों और भवनों के निर्माण पर फोकस
लोक निर्माण विभाग के कामकाज को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद मौसम साफ होते ही सड़क निर्माण, मरम्मत और भवन निर्माण के कार्यों में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य में सड़क विकास के लिए लगातार काम किया गया है और आने वाले समय में इसे और गति दी जाएगी।




