धमतरी। मुंबई से बस्तर की ओर बाइक से निकली महिला राइडर्स की यात्रा धमतरी जिले में दर्दनाक हादसे में बदल गई। मरकाटोला के पास ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार 24 वर्षीय रिद्धि ठक्कर गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़े :- ‘56 इंच की छवि एक मिनट में धो दी’- हरेली पर पूर्व CM भूपेश बघेल का सरकार पर तीखा हमला
जानकारी के अनुसार, करीब 23 महिला बाइक राइडर्स का समूह महाराष्ट्र के मुंबई से बस्तर की यात्रा पर निकला था। इसी दौरान मरकाटोला के पास रिद्धि की बाइक ट्रेलर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद साथी राइडर्स ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल रिद्धि को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि ट्रेलर की पहचान कर चालक तक पहुंचा जा सके।
हाईवे की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
महिला बाइक राइडर्स के समूह के सफर के दौरान हुए इस हादसे ने हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है।




