बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। जिले के सीपत थाना अंतर्गत ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम में शुक्रवार (7 अगस्त) की रात हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस और दो अन्य लोगों की तस्वीरें रखकर तांत्रिक पूजा करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने मौके से एक युवक को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके तीन अन्य साथी भागने में सफल रहे।
यह भी पढ़े :- अम्बेडकर अस्पताल: अब इमरजेंसी मरीजों की सीधे होगी एंट्री, बदला गया प्रवेश व पंजीयन मार्ग
जमानत के लिए रची गई तांत्रिक साजिश
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी युवक ने अपना नाम ऋषिकेश कुमार (निवासी, राजकिशोर नगर) बताया है। आरोपी ने खुलासा किया कि उसका एक रिश्तेदार (प्रियांशु) चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद है, जिसकी जमानत याचिका हाईकोर्ट में लंबित है। सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आया था। तांत्रिक ने दावा किया था कि श्मशान घाट में चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर तांत्रिक क्रिया करने से आरोपी को तुरंत जमानत मिल जाएगी।

ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ा गया आरोपी
देवरी के श्मशान घाट में संदिग्ध गतिविधियां देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। काफी देर तक निगरानी रखने के बाद ग्रामीण एकजुट होकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को देखकर चारों युवक भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया गया और सीपत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके से मिली पूजा सामग्री
घटनास्थल से पुलिस को हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा की तस्वीर के अलावा मरी हुई मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल और अन्य तांत्रिक सामग्री बरामद हुई है। सोशल मीडिया पर इस घटनाक्रम का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस जांच जारी
सीपत पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस फरार तीन अन्य आरोपियों और झाड़-फूंक बताने वाले तांत्रिक की तलाश में जुटी हुई है।



