सूरजपुर। जिले के चंद्रपुर में एक छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। इस दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़े :- शव दफनाने को लेकर गांव में विवाद, प्रशासन की समझाइश के बाद हिंदू रीति-रिवाज से हुआ अंतिम संस्कार
जानकारी के मुताबिक, मृतका प्रेमनगर क्षेत्र की रहने वाली थी और चंद्रपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि देर रात उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस को कमरे से मिले सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने परिजनों के लिए कुछ बातें लिखी हैं। नोट में उसके प्रेम संबंधों का भी उल्लेख बताया जा रहा है, हालांकि उसने अपनी मौत के लिए किसी व्यक्ति को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छात्रा ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। प्रेम प्रसंग समेत आत्महत्या के पीछे के अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों को जुटा रही है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



