धमतरी। जिले के श्यामतराई गांव में एक महिला के शव के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। महिला के शव को दफनाने की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गांव की जमीन पर शव दफनाने का विरोध किया। स्थिति की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची।
यह भी पढ़े :- धर्मांतरण से लेकर कमिश्नरेट सिस्टम तक सियासी घमासान, अजय चंद्राकर और कांग्रेस आमने-सामने
जानकारी के मुताबिक, मृतिका की पहचान गीता साहू के रूप में हुई है। ग्रामीणों का कहना था कि वह पिछले कुछ वर्षों से हिंदू रीति-रिवाजों का पालन नहीं कर रही थीं और एक अलग धार्मिक गुरु की अनुयायी थीं। इसी आधार पर ग्रामीणों ने गांव में शव दफनाने का विरोध किया।
बताया गया कि परिजन जब शव को दफनाने के लिए पहुंचे तो ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार करने की मांग रखी। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और विवाद की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और किसी तरह का विवाद बढ़ने से रोका।
काफी देर तक चली समझाइश और बातचीत के बाद मृतिका के परिजन हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद मौके पर स्थिति सामान्य हुई।
फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर रखे हुए है।



