सक्ती। मालखरौदा ब्लॉक के हायर सेकेंडरी स्कूल किरारी में शिक्षकों और कर्मचारी के कथित रूप से शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने पांच शिक्षकों और एक स्वीपर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में स्कूल परिसर के अंदर पांच शिक्षक और एक स्वीपर शराब का सेवन करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित सभी छह कर्मचारियों को नोटिस जारी कर घटना के संबंध में लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों ने जवाब के लिए तीन दिन की समय-सीमा निर्धारित की है।
शिक्षा विभाग के अनुसार, कर्मचारियों के जवाब और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले में शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।



