रायपुर। राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक 8 वर्षीय स्कूली छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में छात्रा के पैर की हड्डी टूट गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स रायपुर रेफर किया गया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- बीएड छात्रा की संदिग्ध मौत: लिव-इन पार्टनर हिरासत में, हत्या के एंगल से जांच
घायल छात्रा की पहचान महिमा ध्रुव (8) के रूप में हुई है, जो चौथी कक्षा की छात्रा है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, टिकरापारा निवासी आनंद दुर्गा ने बताया कि उनकी भांजी महिमा ध्रुव अपनी बहन खुशी ध्रुव और हर्ष ध्रुव के साथ स्कूल से ऑटो में घर लौट रही थी। तीनों कटोरा तालाब स्थित स्कूल से कंकाली तालाब पहुंचे और वहां से डीमार्ट गली की ओर पैदल जा रहे थे।
इसी दौरान बुधवार शाम करीब 5:55 बजे शीतला मंदिर गली में पुरुषोत्तम अग्रवाल के घर के पास कंकाली तालाब की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार (CG 04 QH 9231) ने महिमा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल छात्रा को एंबुलेंस के जरिए राजेंद्र नगर स्थित श्रीकृष्णा अस्पताल पहुंचाया। जांच में उसके पैर में गंभीर फ्रैक्चर और अन्य चोटें पाई गईं। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स रायपुर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार छात्रा को टक्कर मारने के बाद मौके से भागती दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने रिहायशी क्षेत्रों में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



