रायपुर। खेती के सीजन में खाद की किल्लत से परेशान किसानों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब समोदा स्थित मेसर्स महानदी बीज भंडार में जब्त 35.05 मीट्रिक टन खाद की प्रस्तावित नीलामी अंतिम समय में टाल दी गई। आक्रोशित किसानों ने समोदा-लवन मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रशासन और कृषि विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यह भी पढ़े :- तेज रफ्तार कार ने 8 वर्षीय छात्रा को मारी टक्कर, पैर टूटा; CCTV आया सामने
किसानों का आरोप है कि एक ओर उन्हें सोसायटियों और बाजारों में खाद नहीं मिल रही है, जिससे फसल प्रभावित हो रही है, वहीं दूसरी ओर जब्त खाद का वितरण भी प्रशासनिक लापरवाही और कानूनी प्रक्रियाओं के कारण नहीं हो पा रहा है। किसानों ने अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें लगातार गुमराह किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग ने पहले कार्रवाई करते हुए मेसर्स महानदी बीज भंडार से 35.05 मीट्रिक टन खाद जब्त कर दुकान को सील कर दिया था। विभाग ने इस खाद की खुली नीलामी की तारीख तय की थी, लेकिन संबंधित पक्ष द्वारा न्यायालय से स्टे ऑर्डर लाने के बाद नीलामी स्थगित हो गई। यह जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद किसानों का आक्रोश बढ़ गया।
चक्काजाम के कारण समोदा-लवन मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बस, ट्रक और अन्य वाहन घंटों तक फंसे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति बिगड़ने की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी और आरंग पुलिस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को समझाने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन किसान खाद उपलब्ध कराने और समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग पर अड़े रहे।
फिलहाल प्रशासन किसानों से बातचीत कर स्थिति सामान्य बनाने की कोशिश में जुटा है।



