दुर्ग। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान को अपना इस्तीफा वापस ले लेना चाहिए। किसी एक व्यक्ति की गलती के लिए मंत्री को जिम्मेदार ठहराकर इस्तीफा देना उचित नहीं है।
गजेंद्र यादव ने कहा कि किसी भी विभाग में हजारों कर्मचारी कार्यरत होते हैं। ऐसे में किसी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की गलती के लिए सीधे मंत्री को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कोई भी मंत्री नहीं चाहेगा कि उसके विभाग में पेपर लीक जैसी घटना हो।
शिक्षा मंत्री ने धर्मेंद्र प्रधान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। पुरानी मैकाले शिक्षा व्यवस्था में बदलाव कर नई शिक्षा नीति (NEP) लागू करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के माध्यम से देश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में कई अहम कदम उठाए गए हैं। ऐसे में धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा वापस लिया जाना चाहिए।



