सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत पहाड़करवां स्थित प्राथमिक शाला के एक शिक्षक का कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शिक्षक लड़खड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों ने शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक के नशे की हालत में स्कूल पहुंचने की सूचना मिलने पर गांव के सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंचे। इस दौरान शिक्षक कथित तौर पर स्कूल में अपनी उपस्थिति दर्ज करने के लिए मोबाइल के माध्यम से लोकेशन तलाशते नजर आए। इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक का यह व्यवहार न केवल सरकारी सेवा की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि इससे विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि बच्चों की पढ़ाई पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है और ऐसे मामलों पर तत्काल सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पंचनामा तैयार कर मामले की शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) से की है। शिकायत में शिक्षक के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
शिक्षा विभाग ने वायरल वीडियो और ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच का आश्वासन दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और ग्रामीण शिक्षा विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।



