रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ‘सूखे नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीली प्रतिबंधित टैबलेट की सप्लायर मुस्कान रात्रे (27) को गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले कई महीनों से फरार चल रही थी।
यह भी पढ़े :- बैंक की कथित लापरवाही से किसान परेशान, दूसरे के नाम पर पैतृक जमीन पर KCC लोन, सरकारी योजनाओं से भी वंचित
पुलिस के अनुसार, 4 मई 2026 को गोकुल नगर श्मशान घाट के पास से मोहम्मद अनीस और कपिल तिवारी को 73 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया गया था। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22-बी के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा गया था।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह नशीली टैबलेट कबीर नगर निवासी मुस्कान रात्रे से लेकर लोगों को बेचते थे। इसके बाद पुलिस ने मुस्कान की तलाश शुरू की, लेकिन वह लगातार फरार रही। न्यायालय में उसके खिलाफ अभियोग पत्र भी प्रस्तुत किया गया।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 22 जुलाई 2026 को मुस्कान रात्रे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मुस्कान रात्रे (27), पति प्रिंस यदु, निवासी हिरापुर, थाना कबीर नगर, रायपुर के रूप में हुई है।



