कोण्डागांव। नाबालिग से दुष्कर्म करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को कोण्डागांव पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गांव के पास स्थित पहाड़ियों पर पत्थरों के नीचे छिपकर भागने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़े :- Rajiv Bhawan : 18 घंटे बाद खत्म हुआ कांग्रेस का धरना…! बैज बोले- एक हफ्ते में BJP नेताओं पर होगी FIR
प्यार का झांसा देकर किया दुष्कर्म
मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि पीड़िता ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी ने पीड़िता को नाबालिक जानते हुए भी “मैं तुमसे प्यार करता हूँ” कहकर बहला-फुसलाकर घुमाने ले जाने के बहाने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पाक्सो (POCSO) एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया था।
SP के निर्देश पर बनी थी संयुक्त टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश पर फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए थाना कोण्डागांव और सायबर सेल की एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया था।
पहाड़ पर पत्थरों के पीछे छिपा था आरोपी
घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। सायबर सेल और पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पास के ही एक गांव में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची।
ग्रामीणों से पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी गांव के पास स्थित जंगल और पहाड़ की ओर भाग गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत पहाड़ की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान आरोपी पहाड़ के ऊपर एक बड़े पत्थर के नीचे छिपकर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
जुर्म कबूला, भेजा गया जेल
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



