रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रमुख मार्गों में से एक ‘के. के. रोड मौदहापारा’ का नामकरण अब कृष्ण कुमार शर्मा मार्ग कर दिया गया है। जयस्तंभ चौक से लेकर फाफाडीह चौक के बीच का यह मार्ग अब इसी नए नाम से जाना जाएगा।
यह भी पढ़े :- खूनी प्रतिशोध: जमीन के टुकड़े के लिए तड़पा-तड़पा कर मारा, फिर घर को बनाया श्मशान
हालांकि नागरिक इस मार्ग को पिछले कई वर्षों से के. के. रोड मौदहापारा के नाम से जानते आ रहे हैं, लेकिन यहाँ नामकरण से संबंधित कोई आधिकारिक सूचना बोर्ड या नामपट्टिका नहीं लगी थी।
विधायक सुनील सोनी ने लिया तत्काल संज्ञान
हाल ही में रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी जब ब्राह्मणपारा वार्ड क्षेत्र के निरीक्षण पर थे, तब सनातन धर्म के सेवक स्वर्गीय कृष्ण कुमार शर्मा के परिजनों ने उनका ध्यान इस ओर आकर्षित किया। परिजनों ने विधायक से इस मार्ग पर नामकरण पट्टिका लगवाने का विशेष अनुरोध किया। विधायक सुनील सोनी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे तत्काल संज्ञान में लिया और नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ से इस विषय पर चर्चा की। उन्होंने के. के. रोड मौदहापारा में ‘कृष्ण कुमार शर्मा मार्ग’ की नामपट्टिका जल्द से जल्द लगवाने का सुझाव दिया।
नगर निगम ने दो प्रमुख स्थानों पर लगाई पट्टिका
विधायक के सुझाव पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने नगर निगम जोन-2 के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इसके बाद जोन-2 प्रशासन द्वारा तत्काल नामपट्टिका तैयार करवाई गई। मार्ग के दोनों छोरों पर आम जनता की सुविधा के लिए इसे स्थापित कर दिया गया है, जिसमें:
पहला बोर्ड: जयस्तंभ चौक के सामने, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) शाखा के पास मार्ग के किनारे।
दूसरा बोर्ड: फाफाडीह चौक के पास, बीएसएनएल (BSNL) टेलीफोन एक्सचेंज के सामने मार्ग के किनारे।



