रायगढ़। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोंधा में रूह कंपा देने वाले दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। घर के मलबे में जली हुई हालत में मिले बुजुर्ग दंपति के शव कोई हादसा नहीं, बल्कि 13 साल से सुलग रही रंजिश का खूनी अंत थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
यह भी पढ़े :- सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा पर गया सरगुजा का व्यक्ति रहस्यमयी ढंग से लापता, परिजनों ने मंत्री और कलेक्टर से लगाई गुहार
लाशों पर जख्मों ने खोला साजिश का राज
बुधवार तड़के जब ग्राम क्रोंधा में मंगल राठिया (65 वर्ष) और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया के घर से धुआं उठता दिखा, तो ग्रामीणों को लगा कि यह कोई शॉर्ट सर्किट का हादसा है। लेकिन मौके पर पहुंची धरमजयगढ़ पुलिस को पहली ही नजर में भांपते देर नहीं लगी कि मामला कुछ और है। दंपति के झुलसे हुए शरीरों पर कुल्हाड़ी के गहरे और नृशंस घाव थे। इसके बाद पुलिस ने इसे मर्डर केस मानकर तफ्तीश का दायरा बढ़ा दिया।
सुराग ढूंढते हुए कातिलों के दरवाजे पर जा रुका डॉग ‘रूबी’
अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाने के लिए बिलासपुर से फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम और डॉग स्क्वॉड को एयरलिफ्ट जैसी तत्परता से बुलाया गया। घटनास्थल पर बिखरे खून के बीच पुलिस को हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी टांगी (कुल्हाड़ी) मिली। खोजी डॉग ‘रूबी’ को जैसे ही उस टांगी की गंध सुंघाई गई, वह बिना भटके सीधे गांव के ही एक मकान में जा घुसी। यह घर किसी और का नहीं, बल्कि मृतक के पुराने दुश्मन श्यामलाल राठिया का था।
13 साल पुराना जमीन विवाद: पैसे वापस मिले, पर दिल से नहीं गई नफरत
हिरासत में आते ही आरोपी श्यामलाल राठिया पुलिस की कड़ाई के आगे टूट गया और उसने अपने सगे भाई जीवनलाल राठिया के साथ मिलकर रची गई इस खूनी साजिश को कबूल कर लिया।
रंजिश की इनसाइड स्टोरी: आरोपियों ने उबले हुए गुस्से के साथ बताया कि साल 2013 में उन्होंने एक जमीन खरीदी थी, जिसे मूल मालिक ने बाद में ज्यादा पैसों के लालच में मंगल राठिया को बेच दिया। पंचायत और समझौते के बाद दोनों भाइयों को उनकी रकम तो वापस मिल गई थी, लेकिन जब मंगल राठिया ने उसी जमीन पर आलीशान मकान तान दिया और खेती शुरू कर दी, तो दोनों भाइयों का कलेजा सुलग उठा। वे हर दिन इस अपमान का बदला लेने का मौका ढूंढ रहे थे।
पहले काटा, फिर केरोसिन डालकर लगा दी आग
वारदात की रात दोनों भाई हाथ में धारदार टांगी लेकर बुजुर्ग दंपति के घर में दाखिल हुए। इससे पहले कि बुजुर्ग संभल पाते, दोनों पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया। कानून की आंखों में धूल झोंकने और वारदात को ‘हादसा’ साबित करने के लिए आरोपियों ने पूरे घर और दोनों शवों पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी। बहरहाल, पुलिस ने दोनों कसाइयों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।



