रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन साय सरकार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सरकार के खिलाफ 136 बिंदुओं का आरोप पत्र सदन में प्रस्तुत करते हुए विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरा।
यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना पर विधानसभा में सवाल, उपहार सामग्री की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सरकार घिरी
चर्चा के दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पहली बार देखने को मिल रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत स्वयं नेता प्रतिपक्ष कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह स्थिति इस बात का संकेत देती है कि विपक्ष के सदस्यों को ही अपने नेता प्रतिपक्ष पर पूरा भरोसा नहीं है।
अजय चंद्राकर की इस टिप्पणी पर सदन में हलचल बढ़ गई। इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विपक्षी विधायकों से नेता प्रतिपक्ष के समर्थन में हाथ उठाने का इशारा किया। इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने हाथ उठाकर डॉ. चरणदास महंत के प्रति अपना समर्थन जताया।
इस पर अजय चंद्राकर ने चुटकी लेते हुए कहा कि “यह तो कॉमेडी हो गई। सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव विपक्ष लेकर आया है, लेकिन अब नेता प्रतिपक्ष को ही अपने समर्थन के लिए सदन में हाथ उठवाने पड़ रहे हैं।” उनकी इस टिप्पणी पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने मेज थपथपाकर समर्थन जताया, जबकि विपक्ष ने इसका विरोध किया।



