रायपुर, 17 जुलाई। Anti Corruption : छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW/ACB) ने करोड़ों रुपये की कथित आय से अधिक संपत्ति मामले में सेवानिवृत्त बीज प्रबंधक राजेंद्र सिंह क्षत्रीय को गिरफ्तार किया है। आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बैकुंठपुर (कोरिया) भेज दिया गया।
जांच में क्या सामने आया?
EOW के अनुसार, जांच में पाया गया कि राजेंद्र सिंह क्षत्रीय ने अपनी सेवा अवधि के दौरान वैध स्रोतों से लगभग ₹6.00 करोड़ की आय अर्जित की, जबकि उसी अवधि में करीब ₹11.28 करोड़ का व्यय किया। जांच एजेंसी का दावा है कि यह ₹5.28 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का मामला है, जो उनकी कुल वैध आय से 87.96 प्रतिशत अधिक है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। EOW का कहना है कि उपलब्ध दस्तावेज़ों और साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
कोर्ट ने भेजा जेल
शुक्रवार, 17 जुलाई को आरोपी को विशेष न्यायालय, बैकुंठपुर (जिला कोरिया) में पेश किया गया। अदालत द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने के बाद उन्हें जिला जेल बैकुंठपुर भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।



