रायपुर : राजधानी के संतोषी नगर ब्रिज के पास आज शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए करीब 15 फीट नीचे जा गिरा।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ विधानसभा: पीडीएस में चावल वितरण पर सरकार का दावा, ‘हर पात्र परिवार को मिल रहा पर्याप्त राशन’
हादसे के दौरान ट्रक ने एक कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बाद भी कोई जनहानि नहीं हुई और कार सवार व ट्रक चालक सुरक्षित हैं।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक (RJ 31 GB 3122) तेलीबांधा से आमानाका की ओर जा रहा था। ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही वाहन संतोषी नगर ब्रिज के पास पहुंचा, चालक उस पर से नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू ट्रक पहले जोरदार आवाज के साथ डिवाइडर से टकराया और फिर रेलिंग को तोड़ते हुए लगभग 15 फीट नीचे सड़क पर जा गिरा।
कार भी हुई क्षतिग्रस्त, मची अफरा-तफरी
नीचे गिरते समय ट्रक की चपेट में आने से वहां से गुजर रही एक कार (CG 04 MA 3271) भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। राहत की बात रही कि कार में सवार लोग पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
क्रेन की मदद से हटाया गया वाहन, यातायात रहा बाधित
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने फौरन राहत कार्य शुरू करते हुए क्रेन को मौके पर बुलाया। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को रास्ते से हटाने की कार्रवाई की गई। इस हादसे के चलते ब्रिज और उसके आसपास के मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सामान्य कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



