गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक वन अधिकारी (रेंजर) द्वारा बीच सड़क पर यात्री बस को रोककर चालक के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है।
यह भी पढ़े : भिलाई हत्याकांड: एकतरफा लगाव और बदले की भावना में हुई थी खुशी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
कार को साइड न मिलने से नाराज अधिकारी ने सरकारी वाहन को बस के आगे अड़ाकर करीब आधे घंटे तक रास्ता रोके रखा। इस पूरी घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला इंदागांव थाना क्षेत्र का है, जहाँ पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइड नहीं मिलने पर उपजा विवाद
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे शारदा ट्रेवल्स की एक बस रायपुर से यात्रियों को लेकर देवभोग की ओर जा रही थी। इसी दौरान गरियाबंद-देवभोग नेशनल हाईवे-130C पर कालिमाटी के पास उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के इंदागांव परिक्षेत्र के रेंजर सुशील सागर ने साइड नहीं देने का आरोप लगाते हुए अपनी बोलेरो गाड़ी बस के सामने खड़ी कर दी। आरोप है कि इसके बाद रेंजर और उनके साथ मौजूद कर्मचारियों ने बस चालक के साथ जमकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और विवाद किया। इस हंगामे के कारण बीच सड़क पर करीब आधे घंटे तक तनाव की स्थिति बनी रही और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सिंगल लेन और बारिश का दिया हवाला
बस चालक यशवंत बंजारे ने बताया कि अभ्यारण्य क्षेत्र में हाईवे सिंगल लेन है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क भी क्षतिग्रस्त है। ऐसी स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सुरक्षित स्थान मिलने पर ही पीछे चल रहे वाहनों को साइड दी जाती है। जोखिम लेकर वाहन को नीचे नहीं उतारा जा सकता था, लेकिन रेंजर इस बात को समझने को तैयार नहीं थे।
थाने में लिखित शिकायत दर्ज
घटना के दौरान चालक ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और मामला शांत कराया। इसके बाद बस चालक ने इंदागांव थाने में वन अधिकारी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले में इंदागांव थाना प्रभारी डोमेंद सिन्हा ने बताया कि चालक की शिकायत प्राप्त हो चुकी है और वायरल वीडियो व घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



