दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई (वैशाली नगर थाना क्षेत्र) में हुई युवती खुशी की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि यह वारदात एकतरफा प्रेम, अस्वीकृति और बदले की भावना का नतीजा थी। मृतका द्वारा बातचीत बंद करने और मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने से नाराज आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से इस हत्याकांड को अंजाम दिया था।
यह भी पढ़े :- गप्पू महेंद्र ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड को ‘बेस्ट लार्ज बस ऑपरेटर’ अवार्ड से सम्मानित किया गया
गला घोंटने के बाद चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
पुलिस के अनुसार, आरोपी लाकेश्वर उर्फ पिंटू रायपुर से भिलाई पहुंचा और मौका पाकर खुशी के किराए के कमरे में दाखिल हो गया। वहां उसने पहले युवती का गला दबाया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने सबूत मिटाने की भी पूरी कोशिश की। उसने वारदात में इस्तेमाल चाकू को कमरे के छज्जे पर फेंक दिया और खून से सने कपड़ों को नदी में बहा दिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए शातिर आरोपी घटना के समय दो जोड़ी कपड़े पहनकर आया था, ताकि वारदात के बाद खून से सने कपड़े आसानी से बदले जा सकें।
सीन री-क्रिएशन के लिए मौके पर पहुंची पुलिस
शनिवार सुबह वैशाली नगर थाना प्रभारी राजकुमार लहरे अपनी टीम के साथ आरोपी को लेकर घटनास्थल पहुंचे। वहां पुलिस ने क्राइम सीन का पुनर्निर्माण (री-क्रिएशन) कराया। इस दौरान आरोपी ने हत्या की पूरी कड़ियों का खुलासा किया और छज्जे पर फेंके गए चाकू की निशानदेही भी की।
तकनीकी साक्ष्यों से दबोचा गया आरोपी
मामले का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि वैशाली नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मोबाइल लोकेशन व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को बलौदाबाजार स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी और मृतका पहले से एक-दूसरे को जानते थे और दूर के रिश्तेदार थे।
करियर पर ध्यान देना चाहती थी मृतका
जांच में पता चला है कि भिलाई आने और एक कैफे में नौकरी शुरू करने के बाद खुशी ने आरोपी से दूरी बना ली थी। उसने आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया था, जिससे वह आक्रोशित था। खुशी ने इस प्रताड़ना की जानकारी अपने परिजनों को भी दी थी। आरोपी ने खुशी के चचेरे भाई से शादी की इच्छा जताई थी, लेकिन परिजनों ने स्पष्ट कर दिया था कि खुशी अभी अपने करियर पर ध्यान देना चाहती है। इसी इनकार से नाराज होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



