रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया है।
यह भी पढ़े :- उरला की फैक्ट्री में मौत का धमाका: 17 वर्षीय किशोर समेत तीन मजदूरों की मौत, 200 मीटर दूर तक बिखरे शवों के अंग
उन्होंने आवास प्लस 2.0 सर्वे के दौरान सामने आई तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का उल्लेख करते हुए सर्वे से छूटे पात्र परिवारों को योजना में शामिल करने के लिए केंद्र सरकार से आवश्यक निर्णय लेने की मांग की है।
राष्ट्रीय ग्रामीण सम्मेलन का किया उल्लेख
अपने पत्र में विजय शर्मा ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण सम्मेलन को महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई देते हुए ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन की सराहना की।

उन्होंने पत्र में सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री द्वारा दिए गए उस आश्वासन का भी उल्लेख किया, जिसमें कहा गया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित नहीं रहेगा। इसी संदर्भ में उन्होंने छत्तीसगढ़ में योजना के क्रियान्वयन के दौरान सामने आ रही समस्याओं की जानकारी दी।
आवास प्लस 2.0 सर्वे में सामने आईं समस्याएं
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 24 जून को प्रदेश की ग्राम सभाओं में आवास प्लस 2.0 की पात्रता सूची प्रस्तुत की गई थी। इस दौरान कई व्यावहारिक समस्याएं सामने आईं। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के समय कुछ पात्र परिवार पलायन या अन्य कारणों से गांव में मौजूद नहीं थे, जिससे उनका सर्वे नहीं हो सका और वे पात्रता सूची से बाहर रह गए।
इसके अलावा कुछ परिवारों का सर्वेक्षण तो किया गया, लेकिन तकनीकी अथवा अन्य कारणों से उनकी जानकारी पोर्टल पर अपडेट या प्रदर्शित नहीं हो सकी। इसके चलते ग्राम सभा में उनकी पात्रता दर्ज नहीं हो पाई, जबकि वे योजना के सभी मानकों पर पात्र हैं।
समाधान के लिए केंद्र से की पहल की मांग
विजय शर्मा ने पत्र में कहा कि इन कारणों से प्रदेश के बड़ी संख्या में पात्र परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभ से वंचित रह गए हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि भारत सरकार स्तर पर आवश्यक निर्णय लेकर ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे सर्वे से छूटे या तकनीकी कारणों से सूची में शामिल नहीं हो पाए पात्र परिवारों को भी योजना का लाभ मिल सके।
पत्र के अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “हर पात्र परिवार को पक्का आवास” के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया। साथ ही छत्तीसगढ़ के प्रति केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दिए जा रहे निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।



