रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक भटका हुआ दो वर्षीय मासूम सुरक्षित अपने परिजनों से मिल गया। यह सराहनीय कार्य पुलिस की पिंक पेट्रोल यूनिट ने किया, जिसने बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लेकर कुछ ही समय में उसके परिवार तक पहुंचा दिया।
यह भी पढ़े :- बिलासपुर में शिक्षा के नाम पर लापरवाही! अभियान अकादमी सेंटर पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
जानकारी के अनुसार, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए संचालित पिंक पेट्रोल यूनिट 4 जुलाई 2026 को थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के कर्मा चौक में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को करीब दो वर्षीय एक मासूम बच्चा रोते हुए अकेला मिला।
बच्चा उम्र में छोटा होने के कारण अपना नाम, पता या अपने माता-पिता के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रहा था। ऐसे में पिंक पेट्रोल टीम ने तुरंत बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लिया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर उसके परिजनों की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयास के बाद पुलिस को बच्चे के चाचा रोहन ध्रुव की जानकारी मिली। उन्हें मौके पर बुलाकर बच्चे की पहचान कराई गई। इसके बाद बच्चे के माता-पिता पूजा ध्रुव और हीराधार ध्रुव को सूचना देकर बुलाया गया। आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद मासूम को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने रायपुर पुलिस और पिंक पेट्रोल यूनिट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना की।
रायपुर पुलिस ने कहा कि पिंक पेट्रोल यूनिट महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा और सहायता के लिए लगातार सक्रिय है। किसी भी आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर नागरिक पिंक पेट्रोल यूनिट से संपर्क कर सकते हैं।



