नारायणपुर। जिले के बेनूर थाना क्षेत्र से गौहत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मांस के लिए कथित रूप से गाय की हत्या करने के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़े :- पति के चरित्र पर था शक, पत्नी ने पहले पिलाई शराब फिर ईंट-पत्थर से पीटकर कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, घटना ग्राम मालिंगनार के पटेलपारा की है, जहां कुछ लोगों द्वारा गौवंश की हत्या कर मांस तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बेनूर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मौके से पुलिस ने कटा हुआ गोमांस, मृत गाय के अवशेष, एक टंगिया और दो छुरियां बरामद की हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मंगलूराम सलाम, सिद्दू सलाम, मनकूर वड्डे, सुखमन करंगा, रामसिंग सलाम, इतवारु राम करंगा, मंगिया सलाम, सोमारू सलाम, मंगेल सलाम, मनकू वड्डे, सोमजी सलाम और सन्नू शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम मालिंगनार के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।



