सक्ती। जिले के जोंगरा गांव में दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दो नकाबपोश बाइक सवार हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़े :- पंडरिया के वनांचल स्कूल में शिक्षक पर शराब सेवन का आरोप, वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग में हड़कंप
मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह हर्बल लाइफ उत्पादों के व्यवसाय से जुड़ी थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और दोनों ने अपने चेहरे नकाब से ढके हुए थे। कुछ ही क्षणों में आरोपियों ने पूर्णिमा चौहान पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ीं। वारदात के बाद दोनों हमलावर बाइक से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सक्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, कारोबारी विवाद सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



