धमतरी। जिले में एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है, जहां पत्नी की मृत्यु के बाद गहरे मानसिक तनाव में आए एक व्यक्ति ने कथित रूप से जहर खाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़े :- सक्ती में दिनदहाड़े युवती की गोली मारकर हत्या, नकाबपोश हमलावर बाइक से फरार
जानकारी के अनुसार, मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान अनिल सोनी, निवासी ब्राह्मण पारा, धमतरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद से वे लगातार मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
परिजनों का कहना है कि पत्नी की मौत के बाद से अनिल सोनी गहरे सदमे और अवसाद में थे। प्रारंभिक आशंका के अनुसार, इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने जहर का सेवन कर लिया।
घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही की जाएगी।
पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा सके।



