सूरजपुर। जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के नेवरा इलाके में मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिलाओं और नाबालिगों समेत 19 मजदूर घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में करीब 30 मजदूर सवार थे। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार कई मजदूरों को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल सूरजपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के मुताबिक, एक मजदूर की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
वाहन में नाबालिग भी थे सवार
हादसे में घायल मजदूरों में कई नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं। पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की भी जानकारी सामने आ रही है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



