रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज मंगलवार को प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेंट पॉल स्कूल परिसर के पास स्थित एक विवादित निर्माणाधीन भवन पर बुलडोजर चलाया। सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान प्रशासन की जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से निर्माणाधीन ढांचे को तोड़ा गया।
यह भी पढ़े :- भाजपा के सहयोग केंद्र में आज मंत्री लखनलाल सुनेंगे समस्याएं
जानकारी के अनुसार, संबंधित परिसर को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद बना हुआ था। आरोप लगाया जा रहा था कि सामुदायिक भवन के नाम पर यहां चर्च का निर्माण किया जा रहा है, जिस पर विभिन्न संगठनों ने आपत्ति जताई थी। मामला बढ़ने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने आसपास की दोनों सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। मौके पर अपर कलेक्टर, एडीसीपी सहित राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सूत्रों के मुताबिक, भवन की लीज अवधि समाप्त होने के बाद Raipur Municipal Corporation की ओर से यह कार्रवाई की गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था और हर महत्वपूर्ण स्थान पर पुलिस बल तैनात किया गया।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।



