जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक बेहद गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। अकलतरा क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे एक युवक को पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल का सदस्य होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने के अहम डिजिटल सबूत मिले हैं। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।
पंजाब से आकर अकलतरा में रह रहा था आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पंजाब के तरनतारन जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार वह कुछ समय पहले पंजाब से आकर अकलतरा में किराये के मकान में रह रहा था और स्थानीय गतिविधियों पर नजर रखते हुए संवेदनशील जानकारियां जुटा रहा था।
मोबाइल फोन से मिले संदिग्ध डिजिटल साक्ष्य
जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। इनमें व्हाट्सऐप चैट, वीडियो कॉलिंग रिकॉर्ड और कॉल रिकॉर्डिंग शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी के पाकिस्तान, सऊदी अरब और मैक्सिको के कई अंतरराष्ट्रीय नंबरों से संपर्क के संकेत मिले हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ाव की आशंका गहरा गई है।
संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान भेजने का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थानों, वाहनों की गतिविधियों, लोकेशन तथा फोटो-वीडियो जैसी गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान तक पहुंचा रहा था।
टारगेट किलिंग की साजिश का भी खुलासा
सूत्रों के मुताबिक आरोपी को पाकिस्तान से हथियार मिलने के बाद टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों को अंजाम देने के निर्देश दिए गए थे। जांच में यह भी सामने आया है कि ड्रोन के जरिए हथियार उपलब्ध कराने की योजना पर काम चल रहा था।
किरायेदार सत्यापन अभियान में खुला मामला
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब पुलिस द्वारा क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंच गई।
फोरेंसिक जांच जारी, हो सकते हैं और बड़े खुलासे
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। विस्तृत जांच के बाद इस नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला
अधिकारियों के अनुसार यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा बेहद संवेदनशील प्रकरण है। जांच एजेंसियां आरोपी के संपर्क तंत्र, गतिविधियों और संभावित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।



