रायपुर। राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मोतीबाग इलाके में तेज रफ्तार वाहन चलाने को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। घटना के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ और मारपीट तक की स्थिति बन गई। पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है।
यह भी पढ़े :- ट्रेनों में किन्नरों का हंगामा: कपड़े उतारकर डांस का वीडियो वायरल, दो गुटों में विवाद बढ़ा
जानकारी के अनुसार, मोतीबाग क्षेत्र में एक थार वाहन और दोपहिया सवार के बीच टक्कर होने के बाद विवाद शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि थार चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और रास्ते में कई वाहनों को ओवरटेक करते हुए आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार से टक्कर हो गई, जिसके बाद मौके पर बहस शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर आसपास मौजूद लोग भी एकत्र हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान वाहन चालक और कुछ स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी के साथ झूमाझटकी और मारपीट जैसी स्थिति भी बन गई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक ने खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताकर दबाव बनाने की कोशिश की और पुलिस कार्रवाई की धमकी भी दी। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने उसके व्यवहार पर नाराजगी जताई।
बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल युवक की पहचान होटल कारोबारी से जुड़े परिवार के सदस्य के रूप में सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
इस संबंध में कोतवाली थाना पुलिस ने बताया है कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



