बिलासपुर। बिलासपुर रेल मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों में किन्नर समुदाय के कुछ सदस्यों द्वारा कथित अशोभनीय हरकतें करने और यात्रियों से जबरन पैसे मांगने का मामला सामने आया है।
यह भी पढ़े :- भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार हत्याकांड के बाद कोरिया में धारा 163 लागू, प्रशासन अलर्ट
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने इस पूरे विवाद को और गरमा दिया है। वीडियो में कुछ लोग ट्रेन के भीतर आपत्तिजनक अंदाज में डांस करते और यात्रियों से पैसे मांगते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता और समय की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई
जानकारी के मुताबिक किन्नर समुदाय के दो गुट — राजा किन्नर और रजिया किन्नर — के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष लगातार सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ वीडियो और अन्य सामग्री साझा कर रहे हैं, जिससे तनाव बढ़ता जा रहा है।
बताया जा रहा है कि राजा किन्नर के समर्थक कोटा-पेंड्रा रोड रूट की ट्रेनों में सक्रिय हैं, जबकि रजिया किन्नर का गुट बिलासपुर, बिल्हा, रायपुर और रायगढ़ रूट की ट्रेनों में यात्रियों से पैसे मांगने का काम करता है।
मारपीट के बाद बढ़ा विवाद
सूत्रों के अनुसार हाल ही में दोनों गुटों के बीच विवाद उस समय और बढ़ गया, जब राजा किन्नर के समर्थकों और रजिया किन्नर के चेलों के बीच मारपीट की घटना हुई। इसके बाद मामला और तूल पकड़ गया तथा दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
थाने तक पहुंचा मामला
विवाद बढ़ने के बाद दोनों गुट तोरवा थाना पहुंचे, जहां काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो, मारपीट और दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप की जांच की जा रही है।
यात्रियों ने लगाए बदसलूकी के आरोप
कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया है कि ट्रेनों में पैसे नहीं देने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। वहीं वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
वीडियो में दिखाई देने वाली एक किन्नर ने दावा किया है कि यह वीडियो पुराना है और हालिया विवाद के बाद उसे बदनाम करने की नीयत से दोबारा सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। उसने वीडियो को मौजूदा घटना से जोड़ने के आरोपों को खारिज किया है।



